Roman Hindi Gujarati bengali tamil telugu malayalam

Sunday, April 13, 2008

तो क्या वह लाश लापता पत्रकार की है ?

विगत दिवस मैहर में मिली युवक की लाश का मामला गहरा गया है. युवक की हत्या के बाद फरार युवती की भी हत्या कर दी गई है. उसका शव बनारस के एक होटल में बरामद किया गया है. संभावना जताई जा रही है मैहर में मिला शव इलाहाबाद से लापता एक पत्रकार का हो सकता है. इधर लाश के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस और मध्य प्रदेश पुलिस में हड़कंप मच गया है. इससे मामले के हाईप्रोफाइल होने के भी कयास लगाए जा रहे हैं. सतना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजाराम सिंह ने बताया है कि मैहर के कादम्बनी होटल में के गेस्ट हाउस में युवक की हत्या के बाद वहां से जो दस्तावेज मिले थे वहीं दस्तावेज बनारस के सिगरा इलाके में स्थित होटल आदित्यइन में हैं. मैहर से युवक की हत्या के बाद फरार हुई युवती का शव उसी होटल के एक कमरे में पाया गया है. मैहर में मृत युवक ने अपना नाम मनोज सिंह तथा युवती का नाम अंजली सिंह बताया था तथा पता दुर्गा अपार्टमेंट सरदार पटेल रोड इलाहाबाद उत्तरप्रदेश दर्ज कराया था. लेकिन पुलिस की पड़ताल में युवती का शव मिलने के बाद उसका असली नाम ज्योत्सना डेविड पता चला है. उसने नीरज सिंह नामक युवक से शादी करके अपना नाम ज्योत्सना सिंह लिखना शुरू कर दिया था. वह इलाहाबाद में एक नर्सिंग होम में नर्स थी. युवती अपने साथी युवक के साथ 6 अप्रैल को दोपहर मैहर होटल में पहुंची थी. बुधवार को तड़के वह युवती होटल से फरार हो गई थी तथा बाद में होटल के वेटर को फोन करके बताया कि मेरे कमरे में युवक की लाश पड़ी है. वह मेरा पति नहीं था. वह सिर्फ इन्ज्वाय करने आई थी. उसने यह भी बताया था वह काफी दूर निकल आई है और अपना सिम कार्ड तोड़ रही है. इसके बाद पुलिस की छानबीन में पता चला कि इलाहाबाद में एक दैनिक हिन्दी अखबार का उप संपादक स्तर का कर्मचारी लापता है. इस घटना की सूचना मिलने पर इलाहाबाद से पुलिस व उसके परिजन यहां शव की शिनाख्त के लिये पहुंचे हैं. शिनाख्त में विरोधाभासमैहर शिनाख्त में पहुंची पुलिस व युवक के परिजनों ने जहां शव की अखबार के कर्मचारी होने से इन्कार किया है वहीं होटल के एक कर्मचारी ने उनके साथ लाई फोटो को देख कर पूरी तरह से यह संभावना जताई है कि फोटो मैहर में मृत युवक की ही है. इस बात को लेकर स्थानीय पुलिस उहापोह में है.

क्या माफिया या हाईप्रोफाइल लोगों से जुड़े हैं तार
इस घटना ने यूपी व एमपी पुलिस को झकझोर कर रख दिया है. इसके पीछे असलियत क्या है यह जानने की कोशिश लगातार की जा रही है. कयासों की बात करें तो इस घटना के पीछे ऐसा जान पड़ता है कि युवक के पास कोई बड़ा मामला रहा होगा. वह सनसनी खेज घटना को अंजाम देने वाला रहा होगा. इस लिये माफिया या हाईप्रोफाइल लोगों ने युवक की हत्या के लिये युवती का इस्तेमाल किया होगा.बाद में सबूत मिटाने के लिये युवती की भी हत्या कर दी.

मामा ने भी किया बलात्कार
बनारस में युवती के कमरे से एक पत्र मिला है जिसमें लिखा है कि मैं परेशान हूं . मेरा पति ठीक नहीं है. उसने पूरे इलाहाबाद में मेरा दैहिक शोषण कराया. मामा ने भी मेरा बलात्कार किया. मेरा पति नीरज सोनभद्र टाडा का है. वह इण्डालको में नौकरी करता था. तभी से मेरे और उसके बीच संबंध बन गए थे. पन्द्रह दिन से पति भी लापता है.

इस हत्याकांड ने कई सवाल खड़े कर दिये है-
यदि शव पत्रकार का है तो पुलिस व परिजन पहचानने से इंकार क्यों कर रहे है.
पुलिस ने आज जो फोटो जारी किये है उसमें उसके माथे में गोली के भी निशान दिख रहे हैं.
आखिर युवती बनारस क्यों पहुंची.
युवती ने आत्महत्या की या उसकी हत्या की गई.
इस तरह के तमाम सवाल अभी गुत्थी बने हुए है वहीं एक और सामाजिक नजरिया भी सामने आया है कि क्या पति अपनी पत्नी को बाजार में उतार सकता है यदि हां तो उस युवती ने तब पुलिस को क्यों नहीं बताया.

Thursday, April 10, 2008

वो कौन थी?

सतना जिले के मैहर स्थित होटल कादम्बिनी में बुधवार की दोपहर एक युवक का संदिग्ध शव पाया गया. नवरात्रि चलने से यहां देश भर से लोग आ रहे है जिससे इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार उस युवक की उम्र 30 के आसपास थी. पूरा शरीर नीला पड़ चुका था. नाक मुंह से खून निकल रहा था. पुलिस को सूचना होटल वालों ने दी. बताया गया है कि मृतक 6 अप्रैल को दोपहर 2.30 बजे एक महिला के साथ होटल आया था. यहां महिला को अपनी पत्नी बताते हुए कमरा बुक कराया था. होटल का कमरा खाली न होने पर रेस्ट हाउस के तौर पर बना के कमरा नं बी1 दिया गया था. उसने 3 हजार रुपये एडवांस भी दिये. उन्होंने बताया कि वे यहां दस दिन भी रुक सकते हैं. 7 अप्रेल को वे घूमने गए. युवक ने शारदा मंदिर में सिर भी मुंडवाया. वापस आकर खाने पीने की वस्तुएं मंगा कर बुधवार तड़के देवी दर्शन की बात कही.
उधर बुधवार को तड़के 4 बजे महिला होटल से निकल कर कहीं चली गई. दोपहर लगभग ढाई बजे उसने ही अपने मोबाइल से होटल के रिशेप्शन में फोन कर कमरे में शव पड़े होने की सूचना दी. उसने बताया कि वह युवक उसका पति नहीं है. वह यहां एन्ज्वाय करने आई थी. अब वह काफी दूर आ चुकी है. तथा उसका पता लगा पाना मुश्किल है. इस लिये उसे तलाश करने की कोशिश न करें और बात करने के बाद वह सिम भी तोड़ देगी. पुलिस को सूचना करके कमरे से लाश निकलवा लो.
इस जानकारी से घबराए होटल वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. आनन फानन में पुलिस सक्रिय हुई और दलबल समेत वहां पहुंच गई. एफएसएल अधिकारी जांच में लगे हैं. कमरे में सूटकेस, डायरी, स्टेथेस्कोप, सूटकेस पर हवाई यात्रा का स्टिकर चिपका हुआ है. डायरी में मृतक ने अपनी आत्मकथा लिखते हुए अपने ईसाई होने की बात कही है तथा ताबूत की व्यवस्था कर लावारिस की तरह लाश दफन करने की भी बात कही है. उसमें जीवन की पुरानी बातो का जिक्र भी किया है. उसने बताया है कि उसकी पत्नी बदचलन है. जिससे वह लगातार परेशान रहा. इसी से वह यहां माता के दर्शन करने आया था. उसे रास्ते में कालगर्ल मिल गई उसके साथ वह यहां आ गया.
लेकिन कुछ सवाल जो पुलिस के लिये परेशानी बन गए हैं
वह महिला कौन थी जो युवक के साथ आई थी.
क्या महिला ने ही मर्डर किया.
यदि महिला ने मर्डर किया तो डायरी में किसने लिखा.
मोबाइल का सिम कहां का था.
इस मामले का एक सनसनी खेज पहलू यह भी है कि लाश मिलने के बाद चेक आउट फार्म पर एण्ट्री दर्ज की गई है.
६ तारीख को रजिस्टर में मात्र २ कमरों की बुकिंग दर्ज है इस आधार पर सात कमरे खाली थे तो फिर युवक को गेस्ट हाउस में क्यो ठहराया.

Wednesday, February 27, 2008

हर बुराई का जिम्मेदार मीडिया?

युवाओं में बढ़ती हिंसा का जिम्मेदार कौन? इस विषय को लेकर विगत दिवस शहर में एक काफी बड़ी गोष्ठी आयोजित की गई. जिसमें शहर के जानेमाने या कहे नामवर लोगों ने सहभागिता तो निभाई ही काफी संख्या में शिक्षाविद व वरिष्ठ नागरिक भी उपस्थित रहे. चर्चा जब शुरू हुई तो पहले लोगों को काफी समय लग गया विषम में आने का फिर जब तक में वे विषय में आ पाए तो ज्यादातर लोगों ने इसके लिये मीडिया को ही जिम्मेदार ठहराया. हालांकि मैं भी वहीं था और मुझे लगा कि मुझे बोलना चाहिये लेकिन कुछ ऐसा था जिस वजह से मैं वहां नहीं बोल सका. लेकिन मेरा सवाल यह है कि लोग आखिर हर बात के लिए मीडिया को दोषी क्यों ठहराते हैं जबकि मीडिया तो महज एक आईना है जो होता है उसी का अक्श ही दिखाता है. अब लीजिये गोष्ठी में एक काफी बुजुर्ग, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, वरिष्ट समाजसेवी भी थे उन्होंने बात रखी की एक बार कहीं एक युवक किसी अपराध के मामले में पकड़ा गया तो उसने बताया कि उसने ऐसा किसी चैनल में देखा था बस क्या था उसके लिये मीडिया पर पिल पड़े लेकिन वही जनाब यह भूल जाते है कि चैनल में कई अच्छी बातें भी दिखाई गई कई अच्छे लोग भी बने लेकिन तब किसी ने नहीं कहा कि यह मीडिया की बजह से उपर आया. आखिर यह नकारात्मक सोच मीडिया के लिये क्यों बन रही है?

Saturday, November 24, 2007

फर्जी मुठमेड़ में पुलिस ने बेकसूर को गोली मारी

दस्यु समस्या से प्रभावित सतना जिले के तराई क्षेत्र में नाकाम हो रही पुलिस ने अब डकैतों के नाम पर बेकसूरों को मुठभेड़ में मारने का काम शुरू कर दिया है. कुछ ऐसा ही वाकया २३ नवंबर को सतना पुलिस ने कर दिखाया. घर से पकड़ कर युवक को गोली मारने के बाद यह प्रचारित किया गया कि मुठभेड़ के दौरान युवक की मौत हुई है और यह युवक द्स्यु गिरोह का सदस्य है लेकिन मामला तूल पकड़ने पर बाद में अज्ञात पुलिस वालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया. अब सवाल यह उठता है कि यदि आउट ऑफ टर्न प्रमोशन की बात होती तो मुठभेड़ में शामिल सभी पुलिस कर्मियों के नाम मिल जाते लेकिन अब जब हत्या का मामला है तो पुलिस कर्मी अज्ञात हो गये.
पुलिस के लिये चुनौती बन चुके दस्यु सरगना गौरी यादव एवं मुन्नीलाल यादव गिरोह का बाल बांका नहीं कर पाये पुलिस वालों ने एक बेकसूर ग्रामीण का इनकाउंटर कर दिया. नयागांव थाना इलाके के उदयपुर गांव से सटे जंगल में पुलिस ने इस घटना को मुठभेड़ की आड़ में अंजाम दिया . वाहवाही लूटने के लिये बेकसूर गणेश साहू को मौत के घाट उतारने के इस सनसनीखेज मामले में मृतक के पिता द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद तीन अज्ञात पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया. बताया गया है कि नयागांव पुलिस को सुबह मुखबिर से यह सूचना मिली थी कि गौरी यादव व खड़ग सिंह दस्यु गिरोहउदयपुर गांव के पास डेरा डाले है. सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की लेकिन डकैत चकमा दे कर निकल गए. तब खिसियाए पुलिसवाले अपनी नाक ऊंची बनाए रखने के लिये खेत में काम कर रहे पालदेव गांव के युवक गणेश साहू का इनकाउंटर कर दिया और प्रचारित कर दिया गया कि एक दस्यु मुठभेड़ में ढेर हो गया. लेकिन आंखो के सामने हुए इस घटनाक्रम को उसके पिता ने जब बेखौफ होकर सबके सामने उजागर किया तो पुलिस वालों का भांडा फूटा और वह अब बचाव की मुद्रा में है. लेकिन उस निर्दोष गणेश जो अब इस दुनिया में नहीं उसके साथ क्या न्याय हो पाएगा?
मेरी आंखों के सामने गोली मारी : मृतक गणेश साहू के पिता बोदा साहू का कहना है कि तीन पुलिस वाले चितकबरी वर्दी में घर आए. पुत्र गणेश को पकड़ा . बिना किसी प्रकार की पूछताछ के उसके सीने में गोली डाल दी. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

दोषी पुलिसकर्मी जेल भेजे जाएंगेःआईजी
आईजी अशोक सोनी ने कहा है कि मृतक सीधा साधा लड़का था. उसे किसकी गोली लगी यह नहीं मालूम. मृतक के पिता का कहना है कि उसके पुत्र को तीन पुलिस वालों ने गोली मारी है. यदि पुलिस वाले दोषी पाए गए तो उन्हे किसी भी कीमत में छोड़ा नहीं जाएगा. उन्हे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

मृतक निर्दोष थाः एसपी
पुलिस अधीक्षक कमल सिंह राठौर ने कहा है कि घटना की मजिस्ट्रीयल जांच कराई जाएगी. मृतक के पास किसी प्रकार का हथियार नहीं होना यह सिद्ध करता है कि वह निर्दोष था. उसके खिलाफ कोई अपराध हमारे यहां दर्ज नहीं है. दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा.

प्रमोशन की साजिश?
तराई व दस्यु प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों की माने तो उनका कहना है यहां ऑउट ऑफ टर्न प्रमोशन का धंधा चल रहा है. फर्जी मुठभेड़ दिखा कर निर्दोषों को मारा जा रहा है. डकैत घूम रहे है. हमेशा मुठभेड़ के बाद बताया जाता है सैकड़ों राउण्ड फायरिंग हुई लेकिन क्यों कोई डकैत नहीं मरता गिनती की फायरिंग को निर्दोष धराशायी कर दिये जाते है. इनकी माने तो अब तक यहां जितने डकैत मरे हैं उनमें 75 फीसदी की मौत फर्जी मुठभेड़ में हुई है. वे या तो सरेडर कर रहे थे या फिर किसी और द्वारा मारे गए थे या आपसी गैंग वार में मरे थे जिसका श्रेय बाद में पुलिस ने लिया.

Tuesday, November 6, 2007

प्रोटोकॉल की ऐसी की तैसी

विगत दिवस मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक निजी कार्यक्रम में सतना आना हुआ. उनके आने के पहले ही कुछ भाजपा नेता अपने जिलाध्यक्ष के साथ स्वागत व अपने चेहरे दिखाने तो कुछ मीडिया में अपनी फोटो छपवाने के लिये हवाई पट्टी पहुंचे. चूंकि व्हीव्हीआईपी के आगमन का मामला था सो संभागायुक्त, आईजी सहित जिले के तमाम आला अधिकारी भी पहुंचे. सुरक्षा के मद्देनजर हवाई पट्टी में लोगों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया. लेकिन कुछ भाजपा के नेताओं को यह नागवार गुजरा और उन्होंने वहां ऐसा नंगापन दिखाया कि सब को शर्म आ जाये. तमाम अधिकारियों को न केवल लताड़ा बल्कि अपशब्द भी कहे. गालियों की बौछार भी की. अब देखा जाय तो अधिकारियों का दोष इतना था कि उन्होंने सुरक्षा को प्राथमिकता दी. प्रश्न यहां यह उठता है कि इन भाजपाइयों को स्वागत का इतना ही शौक था तो उन्होंने सीएम का कार्यक्रम अपने कार्यालय में क्यों नहीं रखा? क्या पार्टी का मुख्यमंत्री हो जाने पर उन्हें प्रशासन व पुलिस को गाली देने व अपमानित करने का अधिकार मिल जाता है? यदि इस दौरान कोई हादसा हो जाता तो इसका जिम्मेदार कौन होता?
लेकिन धन्य है भाजपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी जिन्हे नियम कायदे का पालन करवाने वालों को गाली देने में मजा आता है.

Thursday, November 1, 2007

सरकारी गलती से ११ वर्षीय छात्रा के विरुद्ध वारंट

सरकारी कार्यशैली का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक ग्यारह वर्षीय मासूम बालिका बगैर अपराध के वारंटी बन गई और विभागीय अधिकारी अब कुछ बोलने को तैयार नहीं है.
यह मामला श्रम विभाग सतना के एक निरीक्षक की घोर लापरवाही का नतीजा है जिसके चलते एक ११ वर्षीय बालिका के विरुद्ध न केवल प्रकरण दर्ज कर दिया गया और उसके खिलाफ वारंट भी जारी कर दिया गया. नतीजतन बालिका की जमानत करानी पड़ी. सरकारी तौर पर ऑन रिकार्ड हुई गड़बड़ी के चलते बालिका इस कदर डरी सहमी है कि उसे हर पल पुलिस का खौफ है जिसका असर उसकी पढ़ाई पर भी पड़ रहा हैं.
मामले के अनुसार सतना के चौक बाजार में साहेब जी गिफ्ट सेंटर के संचालक जगदीश गिरधानी की ११ वर्षीय पुत्री सुरभि गिरधानी के विरुद्ध श्रम विभाग के एक निरीक्षक की रिपोर्ट पर दुकान-स्थापना अधिनियम १९५८ के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. अनुविभागीय दण्डाधिकारी रघुराज नगर के न्यायालय से सुरभि के विरुद्ध जारी जमानती वारंट की तामीली कराने जब पुलिस गिरधानी की दुकान पर पहुंची तो गिरधानी परिवार के होश उड़ गए. वारंट के साथ पहुंची पुलिस सुरभि को गिरफ्तार करने पर अड़ी थी लेकिन श्री गिरधानी के आरजू मिन्नत करने पर पुलिस कर्मियों ने भी मामला एक मासूम छात्रा के होने के कारण सहृदयता दिखाई और ५ हजार के मुचलके पर छोड़ दिया. अब सुरभि को १५ नवंबर को एसडीएम न्यायालय में पेश होने का नोटिस दिया गया है.

जिम्मेदार कौन ?
सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली इस ग्यारह वर्षीय नन्ही सुरभि को दुकान स्थापना अधिनियम के तहत आरोपी बनाने के पीछे श्रम विभाग के बहादुर निरीक्षक की क्या मंशा थी और उसके पास क्या आधार था यह तो वे ही जाने लेकिन सुरभि की मनोदशा के लिये के लिये आखिर कौन जिम्मेदार है. यदि देखा जाय तो श्री गिरधानी के मुताबिक दुकान का पंजीयन उनकी पत्नी श्रीमती वर्षा गिरधानी के नाम है. ऐसे में दुकान स्थापना अधिनियम को लेकर कोई मामला बनता भी था तो वह श्रीमती खिलवानी के नाम पर बनता न कि उनके खानदान पर. लेकिन श्रम विभाग के निरीक्षक ने तो लड़की के ही खिलाफ मामला दर्ज कर डाला. यदि यह लापरवाही है तो फिर इस लापरवाही की सजा कौन भुगतेगा.
सुरभि की मनोदशा पर असर
दुकान-दुकान अवैध वसूली करते घूमते श्रम विभाग के इन निरीक्षक की करतूत के चलते इस मासूम के खिलाफ वारंट तो जारी हुआ ही उसकी मनोदशा पर भी काफी प्रभाव पड़ा है. जिस दिन से पुलिस उसे पकड़ने उसे उसके घर आयी है उस दिन से वह डरी सहमी रहने लगी है. अक्सर वह गुमसुम रहती है तथा उसने अब बाहर खेलना कूदना भी बंद कर दिया है. पढ़ाई में अव्वल रहने वाली सुरभि का मन अब पढ़ाई में भी नहीं लगता है. उसे हर पल अब पुलिस का भय सताता रहता है और अब तो वह यह भी कहने लगी है कि अंकल पुलिस वाले फिल्मों की तरह ही मारते हैं क्या? पापा मैं थाने नहीं जाउंगी.


निरीक्षक के खिलाफ होगी कार्रवाई
उधर मासूम छात्रा के खिलाफ वारंट जारी होने के मामले में एसडीएम रघुराजनगर आर.के.चौधरी कहते हैं कि वारंट जारी करने के मामले में कोई त्रुटि हुई है तो अभियोग पत्र पेश करने वाले निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. अभियोग पत्र में कहीं उम्र का जिक्र नहीं है. यदि उम्र दर्शायी गई होती तो वारंट जारी नहीं होता. इस मामले का परीक्षण कर त्वरित और उचित कार्रवाई की जाएगी. सुरभि के साथ न्याय होगा.

Friday, October 12, 2007

कड़े सुरक्षा घेरे में आजमगढ़ ले जाया गया अबू सलेम

मुंबई पुलिस के कड़े सुरक्षा घेरे में अण्डर वर्ल्ड डॉन अबू सलेम को उसके गृह ग्राम आजमगढ़ ले जाया गया. उसे वहां उसकी मां के अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया है. इसकी जानकारी काफी गोपनीय रखी गई है. इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिस ट्रेन से उसे ले जाया गया है उसके यात्रियों तक को इसकी भनक नहीं लगने दी गई . उसे पांच दिन बाद महाराष्ट्र ले जाया जाएगा.
सतना रेलवे स्टेशन में आज कड़े सुरक्षा इंतजाम किये गये थे लेकिन कारण किसी को पता नहीं था. डाउन महानगरी एक्सप्रेस रात ८ बजकर दस मिनट पर जेसे ही सतना पहुंची उसकी जनरल बोगी को स्थानीय जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने घेर लिया . आज ट्रेन अपने नियत प्लेटफार्म पर न आकर सबसे किनारे वाले प्लेटफार्म पर लाई गई. ट्रेन जब रुकी तो उस बोगी के सभी खिड़की दरवाजे बंद थे. तभी अचानक एक खिड़की खुली और सलेम ने चाय वाले वेंडर को पुकारा तभी एक झलक मीडिया को मिल पाई. हालांकि मीडिया से अबू सलेम को दूर रखने पूरा इंतजाम किया गया था. इस बोगी को बर्थ के दोनो ओर रस्सियों की जाली बना दी गई थी और एक दर्जन जवान वहां आधुनिक शस्त्रों के साथ तैनात थे. खबर है कि इलाहाबाद या बनारस से ट्रेन चेंज की जाएगी . तथा यह भी पता चला है कि आजमगढ़ से कुछ स्टेशन पहले उसे उतार कर विशेष वाहन से अंतिम संस्कार स्थल तक ले जाया जाएगा.
मोनिका के नाम पर ठिठका सलेम
कुछ ही पलो का जब मौका मिला तब सलेम से जब मोनिका के बारे में बात की गई तो वह ठिठका और घूरते हुए संवाददाता की आंखों मे आंखे डाल कर फिर सिर झुका लिया तभी अंदर से खिड़की बंद कर दी गई . बोगी के अंदर किसी को प्रवेश नहीं करने दिया गया . स्थानीय जीआरपी को भी परमिशन नहीं दी गई. सुरक्षा के लिये कुछ घंटे पहले ही आरपीएफ को सूचना दी गई थी. इसके अलावा ट्रेन की अन्य बोगियों में भी सादी वर्दी में जवान तैनात थे.